वाराणसी में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, एक की मौत, कई घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर गांव के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है।

सभी श्रद्धालु अदलपुरा स्थित मां शीतला देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर चालक संतुलन खो बैठा, जिससे ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

