विश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण दिवस पर 12 झांकियों के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा, साधु-संतों, नागा संन्यासियों और कलाकारों की टोली होगी शामिल
वाराणसी। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण दिवस पर 13 दिसंबर को काशी में महादेव की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शिव बारात की तर्ज पर निकलने वाली इस यात्रा में भगवान शिव के गण, साधु-संत, बैरागी, जोगी और अघोरी अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। इस बार शोभायात्रा में 12 बड़ी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें पहली बार शामिल होने वाली भारत माता और मोहिनी जी की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। आयोजन में करीब एक लाख लोगों के जुटने का अनुमान है।
शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा में कई झांकियों के साथ नृत्य, नाटिकाओं और संगीत के कार्यक्रम भी होंगे। सुसज्जित वाहनों पर सवार होकर कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही कई कलाकार अपने हुनर और कला के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करेंगे।
शिव बारात समिति और राष्ट्र सेविका समिति की ओर से महिलाओं से विशेष अपील की गई है कि वे पीले रंग के मंगलवेश में शोभायात्रा में शामिल हों। आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। हरिसिंह डिग्री कॉलेज से लेकर दशाश्वमेध घाट के चितरंजन पार्क तक सांस्कृतिक यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान काशी विश्वनाथ धाम से होकर गुजरने वाली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं को काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
शोभायात्रा दोपहर 12 बजे शुरू होकर ढाई बजे तक निकाली जाएगी। आयोजन का उद्देश्य काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण दिवस को भव्य स्वरूप देने के साथ शिवभक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 दिसंबर 2021 को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण किया था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में हर साल शिव बारात और काशी की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

