सावन के दूसरे सोमवार श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे डीएम, श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक, सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सुरक्षा व्यवस्था का जाना हाल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सावन के दूसरे सोमवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ के बीच जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और आवागमन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

123

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे शिवभक्तों और श्रद्धालुओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी, पेयजल की उपलब्धता, साफ-सफाई, आवागमन और अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं से प्राप्त जानकारी के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सावन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी आते हैं। ऐसे में उन्हें सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

123

डीएम ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैमरों से भीड़ की निगरानी, प्रमुख मार्गों और मंदिर के आसपास की गतिविधियों का जायजा लिया तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर सतर्कता बनाए रखने और किसी भी संभावित समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा।

इस दौरान मंदिर प्रशासन सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान शिव से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

Share this story