विश्व पर्यावरण दिवस पर वाराणसी में खेल जगत के दिग्गजों के नाम पर होगा पौधरोपण, युवाओं को मिलेगा ' जो खेलेगा वही खिलेगा' का संदेश

वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर वाराणसी एक अनोखे आयोजन का गवाह बनेगा। खेल जगत की दिग्गज हस्तियों भारत रत्न से सम्मानित क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, लीजेंड विराट कोहली, विश्व प्रसिद्ध फुटबॉलर लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो, तथा ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय के नाम पर पौधरोपण किया जाएगा। इसके जरिये पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा। वहीं युवा खिलाड़ियों को जो खेलेगा वही खिलेगा का संदेश भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम परमानंदपुर स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां इन महान खिलाड़ियों की प्रेरणा से युवा खिलाड़ियों को संदेश दिया जाएगा: "जो खेलेगा, वही खिलेगा।" हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि प्रत्येक पौधे के साथ संबंधित खिलाड़ी का विवरण भी अंकित किया जाएगा, जिसमें उनकी उपलब्धियां, समाज पर उनके प्रभाव और खेलों के माध्यम से सामाजिक विकास की दिशा में उनका योगदान दर्शाया जाएगा।
डॉ. सिंह ने बताया कि यह आयोजन केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक नहीं है, बल्कि खेलों के महत्व को समाज में स्थापित करने की एक पहल है। उन्होंने कहा, “खेल खेलने से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि यह समाज को अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। जिन देशों में समाज विकसित होता है, वही ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अधिक पदक जीतते हैं।”
भारत ने ओलंपिक में पहली बार 1900 में भाग लिया था और अब तक कुल 10 स्वर्ण पदक जीते हैं। जिनमें 8 हॉकी में, तथा 1-1 निशानेबाजी और एथलेटिक्स में हैं। जबकि अमेरिका, रूस, चीन, जापान और जर्मनी जैसे विकसित देशों ने सैकड़ों पदक अपने नाम किए हैं।
परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में वर्तमान में हॉकी, हैंडबॉल, रग्बी, फुटबॉल, एथलेटिक्स और तैराकी के 300 से अधिक बालक-बालिकाएं निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें से 53 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है और 23 खिलाड़ियों ने पदक भी जीते हैं। यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा, जो खेल और पर्यावरण दोनों के प्रति जागरुकता बढ़ाएगा।