श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर फूल मंडी में बढ़ी रौनक, सजावट की खरीदारी को उमड़े काशीवासी

WhatsApp Channel Join Now

मलदहिया किसान फूल मंडी में फूलों के साथ अशोक पत्ती, मोरपंख व सजावटी सामग्री की मांग बढ़ी, बारिश से स्थानीय फूलों की आवक प्रभावित

जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल की झांकी और मंदिरों की सजावट के लिए बाजार में बढ़ी चहल-पहल, बाहर से मंगाए जा रहे फूल

बारिश से स्थानीय फूलों की आवक प्रभावित, बाहर के राज्यों से मंगाए जा रहे फूल, फूलों की कीमत में 30 से 40 फीसदी तक बढ़ोतरी

वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर काशीवासियों में उत्साह चरम पर है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियों के बीच मलदहिया स्थित किसान फूल मंडी में भी रौनक बढ़ गई है। घरों और मंदिरों की सजावट के लिए फूल, पत्तियों और अन्य सजावटी सामग्री की खरीदारी को सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ रही है। मंडी में रंग-बिरंगे फूलों के साथ अशोक की पत्ती, मोरपंख और अन्य सजावटी सामग्री की विभिन्न वैरायटी उपलब्ध हैं।

123

किसान फूल मंडी संचालक विशाल दुबे ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर फूलों की आवक प्रभावित हुई है। किसानों की फूलों की खेती को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, बाहरी राज्यों से पर्याप्त मात्रा में फूल मंगाए जा रहे हैं, जिससे मंडी में फूलों और सजावटी सामग्री की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित करने और मंदिरों की सजावट के लिए गुलाब की पंखुड़ी, अशोक की पत्ती, करौंदे के पौधे समेत विभिन्न प्रकार के फूलों और पत्तियों की मांग रहती है। बारिश के कारण इस बार फूलों के दाम में करीब 30 से 40 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है।

123

जन्माष्टमी की खरीदारी करने पहुंचे नितेश कुमार ने कहा कि काशी में कान्हा के स्वागत का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान हर तरफ उल्लास और उत्साह का माहौल रहता है। उन्होंने बताया कि भगवान कृष्ण को अर्पित करने और सजावट के लिए फूल-पत्ते खरीदने किसान फूल मंडी पहुंचे हैं।

123

मंडी में खरीदारी करने पहुंचे लोगों का कहना है कि जन्माष्टमी काशीवासियों के लिए विशेष पर्व है और लड्डू गोपाल के जन्मोत्सव को लेकर घरों में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी के चलते फूल मंडी में भीड़ लगातार बढ़ रही है और बाजार उत्सवी रंग में नजर आ रहा है।

123

Share this story