श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर पहुंचे नगर आयुक्त, भगवान कृष्ण-राधा का कराया पंचामृत अभिषेक, जन्माष्टमी पर विधि-विधान से किया पूजन
वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दुर्गाकुंड स्थित इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार को भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल रहा। जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने वाराणसी के नगर आयुक्त अक्षत वर्मा भी मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के दर्शन-पूजन कर विधि-विधान से पंचामृत स्नान एवं अभिषेक कराया। मंदिर के पुजारियों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान नगर आयुक्त ने भगवान श्रीकृष्ण से काशी की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

जन्माष्टमी को लेकर इस्कॉन मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। फूलों की सजावट और विद्युत झालरों से मंदिर परिसर जगमगा रहा था। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों के बीच पूरा परिसर कृष्णमय नजर आया।
नगर आयुक्त ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा। देर रात तक मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से जुड़े आयोजन चलते रहे। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन कर सुख-शांति की कामना की।

लंका थाने में भी कृष्णमय हुआ माहौल
वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर लंका थाना परिसर में भी श्रद्धा और उल्लास के साथ उत्सव मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा को आकर्षक वस्त्रों, फूलों और आभूषणों से सजाया गया। थाना परिसर को फूलों, इलेक्ट्रॉनिक झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। पुलिसकर्मियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना कर झूला झुलाया। भगवान को लड्डू, केला, सेव सहित फल-फूल अर्पित किए गए। थाना अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। महिला पुलिसकर्मियों ने भी सिविल ड्रेस में पूजा-अर्चना में भाग लिया। देर शाम तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और जयकारों से थाना परिसर गूंजता रहा।

