रंगभरी एकादशी पर पूर्व महंत आवास पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, शिव-गौरा का किया पूजन 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। फाल्गुन मास की पावन रंगभरी एकादशी के अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय टेढ़ीनीम स्थित पूर्व महंत आवास पहुंचे। उन्होंने और भगवान शिव व माता पार्वती का विधिवत दर्शन-पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच उन्होंने काशी की सुख-समृद्धि और सर्वजन कल्याण की कामना की।

 

काशी में रंगभरी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। लोकमान्यता है कि बाबा विश्वनाथ के गौना के बाद माता पार्वती के साथ काशी आगमन की खुशी में यह उत्सव मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत महंत आवास पर बाबा का पारंपरिक श्रृंगार किया गया और गुलाल-अबीर अर्पित कर उत्सव मनाया गया।

123

पूजन-अर्चन के दौरान अजय राय ने काशी विश्वनाथ मंदिर की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी की धार्मिक परंपराएं केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि यहां की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि रंगभरी एकादशी जैसे पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं।

 

पूर्व महंत आवास परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उपस्थित रही। “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। अजय राय ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के साथ गुलाल अर्पित कर उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सदियों पुरानी परंपराओं का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है और काशी की आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाना आवश्यक है।

इस अवसर पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, मनीष मोरोलिया, मनोज वर्मा, आशीष गुप्ता, विनय जायसवाल, विनीत चौबे, किशन यादव और रामजी गुप्ता सहित कई स्थानीय गणमान्यजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story