राष्ट्रीय खेल दिवस पर संस्कृत विश्वविद्यालय में छाईं खेल प्रतिभाएं, बैडमिंटन और तीरंदाजी में दिखा दमखम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्र-खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। शासन के निर्देश पर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा विभाग की ओर से 29 और 30 अगस्त को बैडमिंटन एवं तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर उत्कृष्ट खेल कौशल, एकाग्रता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, एकाग्रता और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। कुलपति ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करते हुए निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

123

छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस को युवाओं में खेल चेतना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। क्रीड़ा प्रभारी एवं प्रतियोगिता संयोजक डॉ. कुप्पा बिल्वेश शर्मा ने बताया कि बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंकित निषाद ने प्रथम, अंश सिंह ने द्वितीय और सत्यम पाण्डेय ने तृतीय स्थान हासिल किया।

तीरंदाजी के रिकर्व राउंड में अक्षत सिंह प्रथम और सर्वेश कुमार द्वितीय रहे। कंपाउंड राउंड में अंश सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इंडियन राउंड में महेश पटेल ने प्रथम, अंकित निषाद ने द्वितीय और निहाल चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया। महिला रिकर्व वर्ग में क्षवर्षा जटराणा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

123

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के धनुर्विद्या प्रशिक्षक आदित्य कुमार ने खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया। उनके निर्देशन में खिलाड़ियों ने लक्ष्य साधने, एकाग्रता और तीरंदाजी की तकनीक का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता और क्रीड़ा प्रभारी डॉ. कुप्पा बिल्वेश शर्मा के संयोजन में सम्पन्न हुआ।

Share this story