अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग की ऊर्जा से सराबोर हुआ बरेका, हजारों लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में उत्साह, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता के साथ विविध योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बरेका के विभिन्न परिसरों में आयोजित योग शिविरों में अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षुओं, उनके परिवारजनों तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे परिसर में योग और स्वास्थ्य जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।

अधिकारी क्लब में आयोजित मुख्य योग शिविर कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत को पौधा भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। इसके पश्चात महाप्रबंधक ने योग गुरु संजय कुमार शर्मा को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से "वंदे मातरम्" के गायन से हुई, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।

योग शिविर में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संदेश का सीधा प्रसारण देखा और योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद योग गुरु संजय कुमार शर्मा के निर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान अभ्यास कराए गए। महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत, प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा उनके परिजनों ने भी सक्रिय रूप से योगाभ्यास में भाग लिया।
योग सत्र के समापन पर महाप्रबंधक ने योग गुरु संजय कुमार शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसी क्रम में प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में भी विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। प्राचार्य सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व और योग गुरु डॉ. आनंद कुमार कर्ण के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के महत्व को आत्मसात किया।
कर्मचारी क्लब में आयोजित योग शिविर में वरिष्ठ तकनीशियन (विद्युत) एवं योग प्रशिक्षक सरोज कुमार सिंह के निर्देशन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने योगाभ्यास किया। प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बरेका के विभिन्न परिसरों में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों की सहभागिता रही। योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की वैज्ञानिक एवं समग्र जीवन पद्धति है।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) समीर पॉल ने किया। योग दिवस के इस आयोजन ने बरेका परिवार को स्वस्थ, जागरूक और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा प्रदान की।

