अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बीएचयू में ‘गिव टू गेन’ थीम के साथ महिला मैराथन, छात्राओं ने दिखाया उत्साह

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को छात्र अधिष्ठाता कार्यालय और वेल-बीइंग सर्विसेज़ सेल के संयुक्त तत्वावधान में “Give to Gain” थीम के साथ महिला मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह छह बजे शुरू हुई इस मैराथन के जरिये महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आत्मविश्वास को मजबूत करना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना और सामूहिक सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर स्थित महामना की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह, स्टूडेंट काउंसलर नित्यानंद तिवारी, मालवीय भवन के सह-निदेशक तथा डॉ. सिद्धदात्री भारद्वाज ने माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रो. रंजन कुमार सिंह ने रिबन काटकर मैराथन को औपचारिक रूप से रवाना किया।

123

लगभग पांच किलोमीटर लंबी इस मैराथन की शुरुआत मालवीय भवन से हुई। प्रतिभागी छात्राएं और महिला कर्मचारी राजपुताना चौराहा, कंप्यूटर सेंटर, विधि संकाय और मधुबन पार्क से होते हुए छात्र कल्याण केंद्र तक पहुंचीं, जहां दौड़ का समापन हुआ। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था और परिसर में ऊर्जा व सकारात्मकता का माहौल बना रहा।

मैराथन में विभिन्न संकायों की छात्राओं और महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ कॉमर्स की रमा राजपूत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस की स्नेहा यादव दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर फैकल्टी ऑफ कॉमर्स की अंशिता गुप्ता, चौथे स्थान पर फैकल्टी ऑफ आर्ट्स की सुमैया अख्तर और पांचवें स्थान पर इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चर साइंसेज की अंतरराष्ट्रीय छात्रा त्सेपो सेगाकोलोई मोआत्सा रहीं।

समापन समारोह में सभी विजेता प्रतिभागियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि “Give to Gain की भावना यह सिखाती है कि जब हम समाज को अपना समय, ऊर्जा और सहयोग देते हैं, तो बदले में हमें एक मजबूत और संवेदनशील समाज मिलता है। यह मैराथन उसी सामूहिक शक्ति और सकारात्मक सोच का प्रतीक है।”

स्टूडेंट काउंसलर नित्यानंद तिवारी ने प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका, नेतृत्व और गरिमा को भी उजागर करते हैं।

कार्यक्रम के संचालन में सर्वपल्ली राधाकृष्णन फेलोज अभिनय तिवारी, राहुल वर्मा, चंदन सिंह, अविनाश पुष्पराज, प्रीति राव, पूजा मौर्य, पूजा यादव, मनोज यादव और सरन्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा कार्यक्रम की सफलता में वर्षा श्रीवास्तव और आशुतोष यादव का विशेष योगदान रहा।

Share this story