स्वतंत्रता दिवस पर महिला व्यापार मंडल ने निकाली तिरंगा यात्रा, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत, राष्ट्र प्रेम का दिया संदेश
वाराणसी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वाराणसी महिला व्यापार मंडल की ओर से शनिवार को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा और बाइक रैली निकाली गई। वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष एवं पूर्व नगर निगम ब्रांड एंबेसडर सुनीता सोनी के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों, व्यापारियों, मातृशक्ति और नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी भास्कर तिवारी रहे।
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता के जयकारे लगाए और देशभक्ति गीतों के बीच काशी के प्रमुख मार्गों से यात्रा निकाली। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया। कई जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। बाइक रैली में भी बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

अध्यक्ष सुनीता सोनी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान, शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं और व्यापारियों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। वाराणसी महिला व्यापार मंडल मातृशक्ति के सशक्तिकरण के साथ व्यापारी समाज के हितों और अधिकारों के लिए भी निरंतर कार्य करता रहेगा।
मुख्य अतिथि भास्कर तिवारी ने तिरंगा यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर महिलाओं और व्यापारियों की यह सहभागिता समाज में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में महिलाओं और व्यापारियों की भागीदारी अहम है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और गौरव की भावना मजबूत होती है।
यात्रा में बड़ी संख्या में महिला उद्यमी, व्यापारी, प्रबुद्ध नागरिक और संगठन के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, व्यापारी हितों और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।

