गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर बीजेपी का राष्ट्रीय अभियान, जन्मस्थली से 131 कलशों में भरकर देश के कोने-कोने भेजी जाएगी पवित्र मिट्टी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को भारतीय जनता पार्टी इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक विस्तार के अभियान के रूप में मनाने जा रही है। इस अभियान का शुभारंभ वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली से होगा। गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर माघी पूर्णिमा तक देशभर में विविध धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 123

अभियान की सबसे प्रमुख विशेषता 131 कलशों में जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को देशभर के राज्यों, संगठनात्मक जोनों और जिलों तक पहुंचाना है। 29 जुलाई को जन्मस्थली परिसर में भव्य कलश पूजन, आरती और संत सम्मेलन का आयोजन होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, संत समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अगले दिन 30 जुलाई को विशेष रूप से तैयार वाहनों के माध्यम से 131 कलश देशभर के लिए रवाना किए जाएंगे।

123

भाजपा के अनुसार इन 131 कलशों में उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों, देश के 27 राज्यों तथा पार्टी के छह संगठनात्मक जोनों का प्रतिनिधित्व शामिल होगा। इन कलशों के माध्यम से गुरु रविदास के समता, मानवता, सामाजिक न्याय और सद्भाव के संदेश को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।

 123

सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली लंबे समय से केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति का भी महत्वपूर्ण स्थल रही है। पिछले दो दशकों में लगभग हर बड़े चुनाव से पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं ने यहां पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की है। वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश और पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा प्रमुख मायावती, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी तथा आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह यहां पहुंचे थे।

123

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कई प्रमुख नेताओं ने जन्मस्थली पर मत्था टेका। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2016 और 2019 में भी यहां आ चुके हैं। गुरुवार को भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने जन्मस्थली पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास की शिक्षाएं पूरे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके समता, सद्भाव और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह राष्ट्रीय अभियान संचालित किया जा रहा है, जो सामाजिक समरसता को नई मजबूती प्रदान करेगा।

Share this story