गंगा दशहरा पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक, 51 बटुकों ने किया षोडशोपचार पूजन, गूंजा मंत्रोच्चार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा दशहरा का पावन पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के साथ धूमधाम से मनाया गया। देवी अहिल्याबाई घाट पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया। पूरे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन विप्र समाज काशी के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम संयोजक एवं संस्था के अध्यक्ष डॉ. पवन शुक्ला के संयोजन में वैदिक आचार्य पंडित उदित नारायण मिश्रा के आचार्यत्व में 51 बटुक ब्राह्मणों ने मां गंगा का विधिवत षोडशोपचार पूजन किया। पूजन के दौरान गंध, अक्षत, पुष्प और केसर अर्पित किए गए तथा नैवेद्य और फलों का भोग लगाया गया। इसके बाद 51 लीटर दूध से मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया।

123

पूरे आयोजन के दौरान घाट वैदिक मंत्रों की गूंज से आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने “हर-हर गंगे” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ब्राह्मण और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सनातन धर्म में गंगा दशहरा का अत्यंत विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मां गंगा का स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरण हुआ था, इसलिए यह पर्व आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र माना जाता है। उन्होंने बताया कि गंगा स्नान, दान-पुण्य और पूजा-अर्चना से व्यक्ति के पापों का नाश होता है तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है।

123

उन्होंने पौराणिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि राजा भगीरथ ने अपने पूर्वजों के उद्धार के लिए कठोर तपस्या की थी, जिसके फलस्वरूप मां गंगा धरती पर अवतरित हुईं। भगवान शिव ने गंगा के प्रचंड वेग को अपनी जटाओं में धारण कर पृथ्वी पर प्रवाहित किया। विधायक ने कहा कि समाज के उत्थान और जनकल्याण के लिए आज भी लोगों को भगीरथ प्रयास से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में वास्तुविद पंडित प्रमोद कुमार मिश्र, डॉ. पवन शुक्ला, रमेश तिवारी, विशाल औढेकर, नवीन कसेरा, डॉ. अशेष नारायण द्विवेदी, संजय उपाध्याय, किशोरी रमण दूबे ‘बाबू महाराज’, संदीप त्रिपाठी, एडवोकेट प्रकाश गुप्ता, आकाश पाठक, षडानन पाठक समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this story