मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से वाराणसी में 600 बेटियों का होगा विवाह, आठों ब्लॉक में सजेगा सामूहिक विवाह का मंडप
21 नवंबर से दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत होंगे आयोजन
छह विकासखंडों में 80-80, चिरईगांव में 90 और काशी विद्यापीठ में 30 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य
प्रत्येक वधु के खाते में मिलेंगे 64 हजार रुपये, उपहार में दिया जाएगा गृहस्थी का जरूरी सामान
वाराणसी। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी अब उनके माता-पिता के लिए आर्थिक बोझ नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभा रही है। इसी क्रम में वाराणसी में 21 नवंबर से दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक जिले के सभी आठ विकासखंडों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से कुल 600 जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार की इस पहल से निराश्रित, निर्धन और जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह की चिंता से बड़ी राहत मिलेगी।
आठों विकासखंडों में आयोजित होंगे सामूहिक विवाह समारोह
समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वाराणसी के सभी आठ विकासखंडों में पात्र जोड़ों के विवाह की व्यवस्था की गई है। सेवापुरी, हरहुआ, आराजी लाइन, पिंडरा, बड़ागांव, चोलापुर, चिरईगांव और काशी विद्यापीठ में अलग-अलग तिथियों पर समारोह आयोजित होंगे।
जिले में छह विकासखंडों में 80-80 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, चिरईगांव में 90 और काशी विद्यापीठ में 30 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। इस तरह सभी आठ विकासखंडों में कुल 600 जोड़े विवाह के बंधन में बंधेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह योजना उन परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन रही है, जिनके लिए बेटियों के विवाह का खर्च जुटाना चुनौतीपूर्ण होता है।
वधु के खाते में 64 हजार रुपये, उपहार में मिलेगा गृहस्थी का सामान
समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दुबे ने बताया कि योजना के तहत विवाह करने वाली प्रत्येक वधु के खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप गृहस्थी के जरूरी सामान भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उपहार में मेकअप के सामान से युक्त फाइबर बॉक्स, पांच साड़ियां, डिनर सेट, कुकर, ट्रॉली बैग, आयरन प्रेस, सीलिंग फैन, कंबल और मैट्रेस समेत अन्य उपयोगी वस्तुएं दी जाएंगी। सरकार का उद्देश्य है कि बेटियां विवाह के बाद अपने नए जीवन की शुरुआत जरूरी घरेलू सामान और आर्थिक सहयोग के साथ कर सकें तथा आर्थिक अभाव उनकी खुशियों में बाधा न बने।
विकासखंडवार विवाह की तिथि और जोड़ों का लक्ष्य
विकासखंड विवाह की तिथि जोड़ों का लक्ष्य
सेवापुरी 21 नवंबर 80
हरहुआ 25 नवंबर 80
आराजी लाइन 26 नवंबर 80
पिंडरा 26 नवंबर 80
बड़ागांव 26 नवंबर 80
चोलापुर 29 नवंबर 80
काशी विद्यापीठ 3 दिसंबर 30
चिरईगांव दिसंबर का प्रथम सप्ताह 90
कुल 600

