चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन ज्ञानवापी स्थित मां श्रृंगार गौरी का दर्शन, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, मंदिर प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन
वाराणसी। चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन ज्ञानवापी परिसर स्थित मां श्रृंगार गौरी के दर्शन की प्राचीन परंपरा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दिन काशी के स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ देश-विदेश से बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास, स्थानीय पुलिस प्रशासन और दर्शनार्थियों के प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और उनके सुगम आवागमन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

मंदिर न्यास की ओर से बताया गया कि दर्शन के लिए निर्धारित मार्ग तय कर दिए गए हैं और पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाएगा। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। साथ ही पूजा सामग्री जैसे डमरू, घंटी, शंख, नारियल और चुनरी की व्यवस्था भी मंदिर न्यास द्वारा ही उपलब्ध कराई जाएगी।
सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और कैमरा ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इन नियमों का पालन करें और सहयोग बनाए रखें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सफल ढंग से संपन्न हो सके।
इसके अलावा, इस विशेष अवसर पर मंदिर न्यास द्वारा सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे धार्मिक वातावरण और अधिक आध्यात्मिक बनेगा। दर्शन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए फलाहार और प्रसाद की भी समुचित व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इस पावन अवसर का लाभ उठाएं और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें।

