काशी विश्वनाथ धाम की चौथी वर्षगांठ पर विशेष हवन–पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ धार्मिक अनुष्ठान
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम के नवीनीकरण की चौथी वर्षगांठ के शुभ अवसर पर शनिवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। धाम परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मंदिर न्यास की ओर से डिप्टी कलेक्टर श्री शंभु शरण ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन–पूजन संपन्न कराया। यह अनुष्ठान 11 वैदिक शास्त्रियों की उपस्थिति में पूर्ण वैदिक विधि से आयोजित किया गया।

अनुष्ठान में जयादि मंत्र और अप्रतिरथ मंत्र का विशेष उपयोग किया गया, जिनका धार्मिक परंपरा में विशेष महत्व है। मान्यता है कि इन मंत्रों का प्रयोग देवताओं द्वारा असुरों पर विजय के लिए किया जाता था। इसी भावना के साथ धाम की प्रगति, जन-कल्याण, और राष्ट्र की मंगलकामना के लिए हवन किया गया।

इस विशेष आयोजन ने काशी विश्वनाथ धाम के नवीनीकरण के चार वर्षों की सफल यात्रा, आध्यात्मिक समृद्धि और सनातन परंपरा के संरक्षण को एक बार फिर उजागर किया। कार्यक्रम के माध्यम से मंदिर न्यास ने धाम की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प को दोहराया।









