सावन के पहले दिन श्री काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, बाबा का किया अभिषेक, देखी व्यवस्थाएं  

WhatsApp Channel Join Now

कालभैरव मंदिर में भी किया दर्शन-पूजन, लगातार दूसरे दिन बाबा विश्वनाथ और काशी कोतवाल के दरबार में पहुंचे सीएम 

बुधवार को संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व में हुए थे शामिल, भाजपा के समरसता संकल्प अभियान का किया शुभारंभ

वाराणसी। सावन मास के प्रथम दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी अधिकारियों से ली।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके बाद काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव मंदिर पहुंचकर भी दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। सावन के पहले दिन उनके धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री लगातार दूसरे दिन वाराणसी में रहे। इससे पहले बुधवार शाम को भी उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया था। उसी दिन वह संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाराणसी पहुंचे थे।

123

वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ भी किया। उन्होंने सामाजिक समरसता, संत रविदास के विचारों और समाज में समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सावन के पहले दिन मुख्यमंत्री के काशी प्रवास को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।

Share this story