नवरात्र की पूर्व संध्या पर मंदिरों में तैयारी, बाजार में उमड़ी भीड़, पहले दिन माता शैलपुत्री की होगी आराधना
वाराणसी। चैत्र नवरात्रि की पूर्व संध्या पर धर्म नगरी काशी पूरी तरह भक्ति और उत्साह में डूबी नजर आ रही है। गुरुवार से शुरू हो रहे इस पावन पर्व को लेकर शहर में व्यापक तैयारियां चल रही हैं। घर-घर में कलश स्थापना की तैयारी की जा रही है, वहीं मंदिरों और बाजारों में भी रौनक चरम पर है। नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।

श्रद्धालु नवरात्र के पहले दिन काशी स्थित माता शैलपुत्री के धाम में दर्शन को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। मंदिर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग के साथ अन्य इंतजाम किए गए हैं। वहीं मंदिर के आसपास चुनरी, नारियल, प्रसाद औऱ माला-फूल की दुकानें भी सज गई हैं। नवरात्र के नौ दिनों तक घरों में भी माता का दरबार सजेगा। घरों में घट स्थापना कर नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की उपासना करेंगे। मान्यता है कि इन नौ दिनों में सच्चे मन से पूजा करने पर सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।

शहर के प्रमुख बाजार गोदौलिया, चौक, लहुराबीर, भेलूपुर और लंका में इन दिनों भारी भीड़ देखी जा रही है। श्रद्धालु पूजा सामग्री जैसे फूल-माला, चुनरी, नारियल, कलश, धूप, कपूर और सिंदूर की खरीदारी में जुटे हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार नवरात्र को लेकर विशेष उत्साह है और बिक्री में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई है।

महिलाओं में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वे पूजा के लिए नई साड़ियां, चुनरी और सजावटी सामग्री खरीद रही हैं। घरों में साफ-सफाई और सजावट का कार्य तेजी से चल रहा है, ताकि मां दुर्गा का भव्य स्वागत किया जा सके। शहर के प्रमुख मंदिरों जैसे दुर्गा कुंड मंदिर, संकट मोचन मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन द्वारा भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

नवरात्र के दौरान शहर में कई स्थानों पर भजन-कीर्तन, जागरण और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कुल मिलाकर काशी में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है, जहां हर कोई मां दुर्गा के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।

