आजादी की पूर्व संध्या पर काशी में लहराएंगे विशाल तिरंगे, आठ स्थानों पर 100 फीट ऊंचे ध्वज
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस से पहले वाराणसी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा देने के लिए शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशाल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार के स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शुक्रवार को इसकी शुरुआत पुलिस लाइन से की। इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल भी मौजूद रहे।

राज्य मंत्री ने बताया कि वाराणसी उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में लोगों के बीच राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर लगाए गए 100-100 फीट ऊंचे तिरंगों का नवीनीकरण कराया जा रहा है। बारिश और मौसम के प्रभाव से पुराने तिरंगों का रंग फीका पड़ने के कारण उन्हें नए राष्ट्रीय ध्वजों से बदला जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन, सीआरपीएफ कैंप, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, यूपी कॉलेज, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और आशापुर चौराहा समेत शहर के आठ प्रमुख स्थानों पर 100 फीट ऊंचे तिरंगे लगाए गए हैं। इसके अलावा सीआरपीएफ छावनी में एक नया 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज भी स्थापित किया जा रहा है। इन स्थानों पर विशाल तिरंगे लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ ही राष्ट्रप्रेम का संदेश भी देंगे।

रविंद्र जायसवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने दायित्व का एहसास कराना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान, शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। जब तिरंगा ऊंचाई पर लहराता है तो प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्र के प्रति गौरव और समर्पण की भावना जागृत होती है।
उन्होंने कहा कि विशाल तिरंगों के नवीनीकरण के माध्यम से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को राष्ट्रीय भावना से जोड़ा जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इन स्थानों पर लहराते तिरंगे नागरिकों को देश के स्वतंत्रता संग्राम और बलिदानियों के योगदान की भी याद दिलाएंगे। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, संबंधित कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

