प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वाराणसी में सेवा और स्वच्छता अभियान, मंत्रियों ने मरीजों को बांटे फल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके लगातार 4399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने के अवसर पर वाराणसी में विभिन्न सेवा और जनकल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने अलग-अलग स्थानों पर मरीजों के बीच फल वितरण कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

चिरईगांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं में भी व्यापक सुधार देखने को मिला है।

123

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इनमें जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, कार्यक्रम संयोजक कमलेश मौर्या, जयप्रकाश चौबे, शिव कुमार चौबे, ममता राय, सीता मिश्रा, उर्मिला पांडेय, लालबहादुर राम, अजीत मौर्या, रोहन प्रताप सिंह, प्रकाश राजभर, शशांक श्रीवास्तव, पंकज त्रिपाठी, दिलीप चौबे, राकेश पटेल और धर्मेंद्र पटेल सहित अनेक लोग शामिल रहे।

वहीं, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4399वें दिन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए नया कीर्तिमान स्थापित करने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के 140 करोड़ नागरिकों की सेवा करते हुए विकास और सुशासन की नई मिसाल कायम की है।

123

इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने अर्दली बाजार स्थित महावीर हनुमान मंदिर में कार्यकर्ताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद उन्होंने पांडेयपुर स्थित राजकीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचकर मरीजों के बीच फल वितरित किए।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में शास्त्री घाट, वरुणा पुल क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। मंत्री के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की तथा स्वच्छता का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवा, स्वच्छता और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Share this story