रक्षाबंधन पर योगी सरकार ने महिलाओं की सुविधा का रखा ध्यान, रोडवेज बसों में तीन दिन मुफ्त यात्रा, 27 अगस्त से मिलेगी सुविधा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को तीन दिनों तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह व्यवस्था 27 अगस्त की सुबह से 29 अगस्त की रात तक लागू रहेगी। सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन पर अपने मायके और रिश्तेदारों के घर जाने वाली महिलाओं को काफी राहत मिलेगी।

रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं के यात्रा करने की संभावना को देखते हुए परिवहन निगम ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। महिलाओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की संख्या बढ़ने पर आवश्यकता के अनुसार बसों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।

वाराणसी परिक्षेत्र में करीब 500 से अधिक बसों के संचालन की तैयारी है। बसों का संचालन यात्रियों की भीड़ और प्रमुख मार्गों की मांग के अनुसार किया जाएगा। परिवहन निगम की ओर से बसों के संचालन और यात्रियों की सुविधा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश
रक्षाबंधन पर महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बसों की उपलब्धता, संचालन और यात्रियों की भीड़ पर लगातार नजर रखी जाएगी। प्रमुख बस अड्डों और व्यस्त मार्गों पर भी विशेष निगरानी की जाएगी।

27 अगस्त सुबह से लागू होगी व्यवस्था
महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान प्रदेश सरकार की ओर से निर्धारित व्यवस्था के तहत महिलाएं रोडवेज बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।

रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं के लिए शुरू की गई इस सुविधा से वाराणसी समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में आने-जाने वाली महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। परिवहन निगम ने त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों के सुचारु संचालन की तैयारी पूरी करने में जुट गया है।

Share this story