बनारस में 10-11 अक्टूबर को दिखेगा नन्हे क्रिकेटरों का जलवा, BPL में उतरेंगी 14 टीमें
कक्षा चार से नौ तक के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, बॉक्स क्रिकेट में मिलेगा प्रोफेशनल लीग जैसा अनुभव
वाराणसी। क्रिकेट के प्रति बच्चों की प्रतिभा को कम उम्र में मंच देने के उद्देश्य से बिडवार एवं केवी टेकमीडिया की ओर से बिडवार प्रीमियर लीग (BPL)-किड्स बॉक्स क्रिकेट एडिशन सीजन-1 का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय प्रतियोगिता 10 और 11 अक्टूबर को सिगरा स्थित पिच एंड पैडल में होगी। आयोजन को हेरिटेज हॉस्पिटल्स और वीएनएस लाइव स्टूडियो का सहयोग प्राप्त है।
प्रतियोगिता में कक्षा चार से नौ तक के बच्चे दो आयु वर्गों में प्रतिभाग करेंगे। पहले वर्ग में कक्षा चार से छह यानी आठ से 11 वर्ष और दूसरे वर्ग में कक्षा सात से नौ यानी 12 से 14 वर्ष तक के खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रत्येक टीम में आठ खिलाड़ी होंगे, जबकि मुकाबले के दौरान सात खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। टीमों के साथ एक मेंटर भी रहेगा, जो खिलाड़ियों को खेल संबंधी मार्गदर्शन देगा। प्रत्येक टीम को कम से कम तीन लीग मैच खेलने का अवसर मिलेगा।
स्कूलों और क्रिकेट अकादमियों की टीमें
BPL में वाराणसी के विभिन्न स्कूलों, क्रिकेट अकादमियों और क्लबों की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें सनबीम सनसिटी, यूनिक एकेडमी, केयर एंड करियर, दिल्ली पब्लिक स्कूल, लोटस फीट इन, इशिता स्कूल, सनबीम अन्नपूर्णा और सनबीम एकेडमी सहित अन्य टीमें शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को सिर्फ क्रिकेट खेलने का अवसर देना नहीं, बल्कि उनमें टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, रणनीति, अनुशासन और खेल भावना विकसित करना भी है। प्रोफेशनल क्रिकेट लीग की तर्ज पर तैयार माहौल में बच्चे मैदान पर निर्णय लेने, दबाव का सामना करने और जीत-हार से सीखने का अनुभव हासिल करेंगे।
जर्सी से लाइव स्ट्रीमिंग तक खास इंतजाम
प्रतियोगिता की खासियत बच्चों को प्रोफेशनल लीग जैसा अनुभव देना है। खिलाड़ियों के लिए टीम जर्सी, स्कोरिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था रहेगी। मुकाबलों के दौरान दर्शकों के मनोरंजन के लिए डांस परफॉर्मेंस, आतिशबाजी समेत अन्य कार्यक्रम भी होंगे। प्रतिभागी बच्चों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई है।
आयोजकों का कहना है कि कम उम्र में बच्चों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने का अवसर मिलेगा। मैदान पर प्रत्येक शॉट, गेंद और निर्णय उनके लिए सीख का हिस्सा होगा। जीत उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी, जबकि हार से वे अपनी कमियों को समझकर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयास करेंगे।
BPL का आयोजन बिडवार के संस्थापक एवं CWP Detailers के संस्थापक तुषार सारस्वत और KVTech Media के संस्थापक सिद्धार्थ सिंह बिसेन की पहल पर किया जा रहा है। बिडवार स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, ऑक्शन और क्रिकेट स्कोरिंग सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है। आयोजकों ने अभिभावकों, स्कूलों, क्रिकेट अकादमियों, क्लबों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर नन्हे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

