मकर संक्रांति पर नगर निगम की सराहनीय पहल, अस्सी घाट पर श्रद्धालुओं को पिलाई तुलसी युक्त गर्म चाय 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गंगा स्नान के लिए अस्सी घाट सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ठंड और सुबह के कोहरे के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा व सेवा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम वाराणसी ने एक अनूठी और सराहनीय पहल की। नगर निगम की ओर से अस्सी घाट पर लाखों श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क तुलसी युक्त गर्म चाय के वितरण की व्यवस्था की गई।

123

इस सेवा कार्य की शुरुआत मकर संक्रांति की रात 12 बजे से की गई, जो गुरुवार शाम तक लगातार जारी रहेगी। कार्यक्रम का आयोजन महापौर अशोक तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देशन में किया गया। गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष रूप से स्वास्थ्यवर्धक तुलसी मिश्रित चाय तैयार कर वितरित की जा रही है।

123

मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि चाय निर्माण के लिए कुल तीन कुंतल शुद्ध दूध की व्यवस्था की गई है। अब तक ढाई कुंतल दूध से चाय बनाकर श्रद्धालुओं में वितरित की जा चुकी है, जबकि शेष दूध से लगातार चाय तैयार कर वितरण किया जा रहा है। चाय निर्माण का कार्य विजय द्वारा किया जा रहा है और गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

123

मकर संक्रांति के अवसर पर अस्सी घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में रही। ठंडे मौसम में गंगा स्नान के बाद गर्म चाय मिलने से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। घाट पर मौजूद लोगों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता साफ देखी गई।

123

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और किसी भी श्रद्धालु से चाय के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने नगर निगम की इस पहल की जमकर सराहना की और इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

123

123

123

123

123

Share this story