कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा स्नान और दान कर बने पुण्य के भागी, हर-हर गंगा और हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजा गंगा का किनारा
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सुबह से ही गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयघोष से गंगा तट गुंजायमान हो उठा। देश के कोने-कोने से काशी पहुंचे श्रद्धालु मां गंगा में पुण्य की डुबकी लगाने के बाद बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। वहीं, परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए गंगा घाटों पर दीपदान और दान-पुण्य किया जा रहा है।

कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इस अवसर पर गंगा स्नान, दान और दीपदान को विशेष पुण्यदायी माना जाता है। दशाश्वमेध घाट के तीर्थ पुरोहित विवेकानंद पांडेय ने बताया कि वैसे तो प्रत्येक महीने पूर्णिमा आती है, लेकिन कार्तिक मास की पूर्णिमा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु मां गंगा की आराधना कर परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।

11 और 21 आरतियों से होगी मां गंगा की आराधना
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा घाटों पर विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। गंगोत्री सेवा समिति की ओर से सामान्य दिनों में होने वाली पांच आरतियों के स्थान पर 11 आरतियां की जाएंगी। वहीं, गंगा सेवा निधि की ओर से सात आरतियों के बजाय 21 आरतियों का भव्य आयोजन होगा। शंखनाद, घंट-घड़ियाल और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की आराधना की जाएगी। विशेष आरती के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

दीपों से जगमगाएंगे गंगा के घाट
कार्तिक पूर्णिमा की शाम गंगा के घाटों पर दीपदान का विशेष आयोजन होगा। घाटों की सीढ़ियों पर दीपों की कतारें सजाई जाएंगी। गंगा की लहरों पर तैरते दीपों का प्रतिबिंब श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। इस धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक भी काशी पहुंचे हैं।

सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं। गोदौलिया चौराहे और गिरजाघर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जा रहा है। वहां से लोग पैदल घाटों तक पहुंच रहे हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में गंगा स्नान, दान-पुण्य, दीपदान और मां गंगा की आराधना के साथ धार्मिक उल्लास का माहौल है।




