अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मातृ शक्ति को बाबा विश्वनाथ के दर्शन की विशेष व्यवस्था, गेट नंबर 4-बी से मिलेगा प्रवेश
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को श्री काशी विश्वनाथ धाम में समस्त मातृशक्ति के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है। महिलाओं को धाम के गेट नंबर 4-बी से सभी महिलाओं को प्रवेश दिया जाएगा। वाराणसी निवासियों के साथ ही बाहर से आने वाली महिलाओं को यह विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी। खासतौर से गोद में बच्चे लेकर आने वाली महिलाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
इस व्यवस्था के तहत गोद में बच्चों को लिए हुए सभी महिलाओं (चाहे बालक हो या बालिका) को प्राथमिकता के साथ प्रवेश देकर दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए किसी प्रकार का टिकट अथवा शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रातःकाल 4:00 से 5:00 बजे तथा सायंकाल 4:00 से 5:00 बजे तक का समय काशीवासियों के लिए आरक्षित रहेगा और इस दौरान पूर्ववत विशेष दर्शन व्यवस्था यथावत जारी रहेगी। शेष समय में सभी महिलाओं के लिए द्वार संख्या 4-बी से यह विशेष प्रवेश व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष पहल की जा रही है। इससे महिलाओं को बाबा विश्वनाथ का सुलभ दर्शन प्राप्त हो सकेगा।

