अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर काशी में मेगा हेल्थ अभियान, सिगरा स्टेडियम में 10 हजार महिलाओं की होगी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में महिलाओं के लिए एक वृहद ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग अभियान आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा आईटीबी फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें एक ही स्थान पर 10 हजार से अधिक महिलाओं की जांच का लक्ष्य रखा गया है।
इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं में बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को देखते हुए प्रशासन लगातार जागरुकता और जांच अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को “नमो रथ” अभियान के तहत 20 एंबुलेंस को जनपद में संचालित किया गया था। इन मोबाइल इकाइयों के माध्यम से वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक जनपद की 36 हजार से अधिक महिलाओं की जांच की जा चुकी है। इसी अभियान को और व्यापक रूप देने के लिए महिला दिवस के अवसर पर सिगरा स्टेडियम में एक विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है, जहां एक ही दिन में 10 हजार से अधिक महिलाओं की स्क्रीनिंग की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस जांच में एआई आधारित आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। यह तकनीक “नो टच, नो सी” प्रक्रिया पर आधारित है, जिससे महिलाओं की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रहती है। जांच के दौरान किसी प्रकार का शारीरिक संपर्क या प्रत्यक्ष निरीक्षण नहीं किया जाता, जिससे महिलाएं सहज रूप से अपनी जांच करा सकती हैं।
उन्होंने वाराणसी जनपद की सभी महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान में भाग लें और अपनी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग अवश्य कराएं। यदि किसी महिला में प्रारंभिक स्तर पर कैंसर या अन्य कोई समस्या पाई जाती है, तो उसके आगे के उपचार के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सहयोग करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि उपचार की आवश्यकता होने पर टाटा मेमोरियल सेंटर सहित अन्य चिकित्सा संस्थानों से भी समन्वय स्थापित कर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। यह विशेष स्क्रीनिंग शिविर 8 मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। जिला प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं, ताकि गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सके और उनका उचित उपचार संभव हो सके।

