देवोत्थान एकादशी पर गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

WhatsApp Channel Join Now

भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ शुरू हुए मांगलिक कार्य, तुलसी विवाह का भी विशेष महत्व

एकादशी से पूर्णिमा तक गंगा स्नान से मिलता है पूरे कार्तिक मास के स्नान का पुण्य

दशाश्वमेध सहित काशी के प्रमुख घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़, गंगा स्नान के बाद पंडे-पुरोहितों को किया दान

स्नानार्थियों की भीड़ के मद्देनजर प्रशासन रहा अलर्ट, एनडीआरएफ, जल पुलिस की टीम रही मुस्तैद 

वाराणसी। देवोत्थान एकादशी पर शुक्रवार को काशी के गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद, अस्सी, पंचगंगा सहित प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पंडे-पुरोहितों को अन्न, वस्त्र और दक्षिणा आदि का दान किया। घाटों पर हर-हर महादेव और जय श्रीहरि के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।


धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और हिंदू धर्म में विवाह, तिलक सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस दिन तुलसी विवाह का भी विशेष महत्व है। श्रद्धालु भगवान विष्णु और माता तुलसी की विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।


एकादशी से पूर्णिमा तक गंगा स्नान का विशेष महत्व
दशाश्वमेध घाट के तीर्थ पुरोहित राजू तिवारी ने बताया कि कार्तिक मास में देवोत्थान एकादशी से लेकर पूर्णिमा तक लगातार पांच दिनों तक गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इन पांच दिनों तक श्रद्धापूर्वक गंगा स्नान और पूजा-अर्चना करने से पूरे कार्तिक मास के स्नान के समान पुण्य प्राप्त होता है। इस दौरान गंगा स्नान, दान-पुण्य और भगवान विष्णु की आराधना का विशेष फल माना गया है। उन्होंने बताया कि देवोत्थान एकादशी के साथ ही सनातन धर्म में मांगलिक आयोजनों का शुभारंभ हो जाता है।


सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट
घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें गंगा में लगातार निगरानी करती रहीं। वहीं, पुलिसकर्मी घाटों और आसपास के क्षेत्रों में मुस्तैद रहे। स्नान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।

BK Pathak
BK Pathak

21866 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story