देव दीपावली पर 21 हजार दीपों से जगमग होगा विश्वनाथ धाम,  चार जोन में बांटकर होगी सुरक्षा, एंड-टू-एंड बैरिकेडिंग

WhatsApp Channel Join Now

बाबा दरबार में फूलों की खुशबू और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजेगा परिसर

पुष्प रंगोलियों के साथ होगा भव्य दीपोत्सव, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

सुगम दर्शन के लिए निर्धारित मार्गों पर होगी बैरिकेडिंग, सुरक्षा एसओपी के तहत तैनात रहेंगे सतर्क सुरक्षाकर्मी

मंदिर प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए विशेष निर्देश

वाराणसी। देव दीपावली 2026 पर काशी में होने वाले भव्य आयोजन के बीच श्री काशी विश्वनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। बाबा दरबार को सुगंधित एवं आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया जाएगा। धाम के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पुष्प रंगोलियां बनाई जाएंगी। वहीं, शाम को पूरे परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया जाएगा। पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुगम दर्शन, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। पूरे धाम को चार जोन में बांटकर सुरक्षा की जाएगी। 

123

देव दीपावली पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए निर्धारित दर्शन मार्गों पर एंड-टू-एंड बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य दर्शनार्थियों को निर्धारित मार्ग से सुव्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाना और भीड़ के दबाव को नियंत्रित करना है। इससे श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी के बिना दर्शन-पूजन का अवसर मिल सकेगा।

123

फूलों की सजावट और दीपों से जगमगाएगा धाम
देव दीपावली के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम की सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। पूरे परिसर को विभिन्न प्रकार के सुगंधित और आकर्षक पुष्पों से सजाया जाएगा। इसके साथ ही रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से धाम की भव्यता बढ़ाई जाएगी। मंदिर परिसर के विभिन्न स्थलों पर फूलों से आकर्षक रंगोलियां बनाई जाएंगी। सायंकाल धाम के विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जिससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से आलोकित होगा। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप दीपोत्सव को भव्य स्वरूप देने की तैयारी है।

शुद्ध पेयजल और स्वच्छता पर विशेष जोर
श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए धाम के विभिन्न स्थलों पर शुद्ध आरओ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों के आगमन के दौरान स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए मंदिर में कार्यरत सफाई एजेंसी को लगातार साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में स्वच्छता के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

123

सुरक्षा एसओपी के तहत रहेंगे इंतजाम
धाम की सुरक्षा के लिए पहले से निर्धारित सुरक्षा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में लगे संबंधित कार्मिकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सतर्क और सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतजामों के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही और दर्शन व्यवस्था पर भी निगरानी रखी जाएगी।

श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार के निर्देश
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को बेहतर सेवा और सकारात्मक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए धाम में कार्यरत सभी कार्मिकों को विशेष निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों को समय-समय पर श्रद्धालुओं के प्रति सौम्य, शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया जाता है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि देव दीपावली पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन सुलभ कराया जाए।

मंदिर प्रशासन पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बाबा के दरबार में आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।

BK Pathak
BK Pathak

21921 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story