देव दीपावली पर गंगा घाटों के साथ जगमगाएगा काशी का आसमान, पहली बार होगा ड्रोन शो, 2100 स्वदेशी ड्रोन से दिखेगा दिव्य नजारा

WhatsApp Channel Join Now

24 नवंबर को पहली बार होगा भव्य ड्रोन शो, 15 मिनट तक आसमान में साकार होंगे भगवान शिव, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ के दिव्य स्वरूप

आस्था, अध्यात्म और आधुनिक तकनीक का दिखेगा अनूठा संगम, 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन के जरिए जीवंत होगी काशी की पौराणिक विरासत

ड्रोन फार्मेशन में संगीत, थ्री-डी एनिमेशन और हिंदी वॉयस ओवर से सजेगी प्रस्तुति

वाराणसी। देव दीपावली पर इस बार काशी के गंगा घाटों की जगमगाहट के साथ आसमान भी अलौकिक छटा बिखेरेगा। लाखों दीपों की रोशनी के बीच पहली बार 2100 स्वदेशी मेक इन इंडिया ड्रोन काशी के आकाश में आस्था और अध्यात्म के अद्भुत दृश्य उकेरेंगे। 24 नवंबर को आयोजित होने वाले इस विशेष ड्रोन शो में भगवान शिव, शिव तांडव, मां गंगा के धरती पर अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर की दिव्य आकृतियां आसमान में साकार होंगी। करीब 15 मिनट की इस प्रस्तुति में 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन के जरिए काशी की धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। संगीत, थ्री-डी एनिमेशन और हिंदी वॉयस ओवर इस आयोजन को और आकर्षक बनाएंगे।

पर्यटन विभाग ने देव दीपावली के इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की तैयारी की है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वाराणसी के राजघाट से नमो घाट तक देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। गंगा के दोनों किनारों पर लाखों दीपों की रोशनी के बीच 2100 स्वदेशी ड्रोन का प्रदर्शन इस बार का प्रमुख आकर्षण बनेगा। ड्रोन के विशेष संयोजन से तैयार होने वाली आकृतियां एक के बाद एक आसमान में उभरेंगी और दर्शकों को काशी की आध्यात्मिक विरासत से रूबरू कराएंगी।

शिव तांडव से गंगा अवतरण तक दिखेगी दिव्यता
ड्रोन शो की पूरी थीम देव दीपावली और काशी की आध्यात्मिक महत्ता पर आधारित होगी। इसमें भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों के साथ महेश्वर सूत्र और संगीतमय शिव तांडव का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा मां गंगा के धरती पर अवतरण का प्रसंग भी आसमान में जीवंत होगा। काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी ड्रोन के माध्यम से प्रदर्शित की जाएंगी। इन धार्मिक प्रसंगों को आकर्षक थ्री-डी एनिमेशन और थीम आधारित संगीत के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। प्रस्तुति में उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

15 मिनट में दिखेगी काशी की आध्यात्मिक विरासत
करीब 15 मिनट के इस शो में 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन तैयार किए गए हैं। इन फॉर्मेशन के माध्यम से पौराणिक कथाओं और धार्मिक प्रतीकों को क्रमबद्ध तरीके से आसमान में उकेरा जाएगा। हिंदी वॉयस ओवर के जरिए प्रत्येक प्रसंग का महत्व भी बताया जाएगा, जिससे दर्शक दृश्य के साथ उसकी धार्मिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को भी समझ सकेंगे। स्वदेशी तकनीक से तैयार 2100 ड्रोन का एक साथ आसमान में संयोजन इस आयोजन को विशिष्ट बनाएगा।

अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी
अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि काशी की देव दीपावली अब आस्था और संस्कृति के साथ आधुनिक तकनीक के संगम का वैश्विक उत्सव बन चुकी है। इस वर्ष 2100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से भगवान शिव, मां गंगा और काशी की पौराणिक विरासत के प्रसंगों को आसमान में जीवंत किया जाएगा। पर्यटन विभाग का प्रयास है कि इस आयोजन के माध्यम से देव दीपावली की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई मिले। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काशी में एक यादगार अनुभव प्राप्त होगा।

कार्तिक पूर्णिमा पर उतरती है देवताओं की नगरी में दिवाली
देव दीपावली को देवताओं की दीपावली कहा जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन काशी में मनाए जाने वाले इस पर्व का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व विशेष है। दीपावली के 15 दिन बाद होने वाले इस उत्सव में मां गंगा के सम्मान में काशी के घाटों पर लाखों दीप जलाए जाते हैं। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर देवी-देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर मां गंगा में स्नान करते हैं। इसी मान्यता के चलते श्रद्धालु गंगा के घाटों पर दीपदान कर देवताओं का स्वागत करते हैं। राजघाट से नमो घाट तक दीपों की अविरल शृंखला के बीच इस बार 2100 ड्रोन का अद्भुत नजारा देव दीपावली के उत्सव को नई पहचान देने के साथ काशी के आकर्षण को वैश्विक स्तर पर और विस्तार देगा।

BK Pathak
BK Pathak

21806 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story