देव दीपावली पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग से विश्व को सनातन संस्कृति की गाथा सुनाएगी काशी

WhatsApp Channel Join Now

चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का भव्य ‘काशी-कथा’ शो बनेगा आकर्षण का केंद्र

लेजर और मल्टीमीडिया तकनीक से जीवंत होगा काशी का गौरवशाली इतिहास, आठ मिनट का होगा विशेष लेजर शो

देशी-विदेशी पर्यटकों को मिलेगा आधुनिक तकनीक और काशी की आध्यात्मिक विरासत का अनूठा अनुभव

वाराणसी, 21 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार काशी की सनातन परंपरा और धार्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी कर रही है। देव दीपावली पर काशी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को इस बार 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो के जरिए शहर के पौराणिक और आध्यात्मिक इतिहास से रूबरू कराया जाएगा। चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का भव्य ‘काशी-कथा’ शो आयोजित होगा। इसमें गंगा की लहरों के बीच काशी की धार्मिक यात्रा, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की गाथा दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। प्रांतीय मेले का दर्जा प्राप्त देव दीपावली इस वर्ष 24 नवंबर को मनाई जाएगी।

123

घाटों की ऐतिहासिक इमारतों पर जीवंत होगी सनातन संस्कृति की कहानी

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली काशी की देव दीपावली परंपरागत दीपमालाओं और मां गंगा की भव्य आरती के साथ इस बार आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम भी प्रस्तुत करेगी। गंगा तट पर सदियों से खड़ी ऐतिहासिक इमारतें काशी के धर्म, अध्यात्म, संस्कृति और पौराणिक इतिहास की साक्षी रही हैं। इन्हीं इमारतों पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से सनातन संस्कृति की गौरवगाथा को जीवंत किया जाएगा।

123

अनमॉर्फिक एलईडी स्क्रीन और 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग का अनूठा संगम

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि पिछले वर्षों की प्रस्तुतियों से अलग इस बार दर्शकों को अत्याधुनिक तकनीक का खास अनुभव मिलेगा। शो में अनमॉर्फिक एलईडी स्क्रीन और 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग का समन्वय किया जाएगा। डिजिटल डिस्प्ले पर उभरने वाले त्रिआयामी दृश्यों और ऐतिहासिक इमारतों पर पड़ने वाली प्रोजेक्शन लाइट के मेल से ऐसा आभास होगा, मानो डिजिटल दृश्य वास्तविक संरचना का ही हिस्सा हों। इससे दर्शक काशी के इतिहास और धार्मिक प्रसंगों को सजीव और प्रभावशाली रूप में देख सकेंगे।

123

शंखनाद और डमरू की गूंज से होगा ‘काशी-कथा’ का आगाज

25 मिनट के इस विशेष शो की शुरुआत शंखनाद और डमरू की गूंज से होगी। यह प्रस्तुति भगवान शिव की उपस्थिति और काशी की आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बनेगी। इसके बाद भगवान गणेश की कथा, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली मनाए जाने की पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा को दर्शाया जाएगा। साथ ही भगवान श्रीहरि विष्णु के चक्र पुष्करिणी कुंड से जुड़े प्रसंगों और गंगा स्वच्छता के संदेश को भी आकर्षक दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

123

आठ मिनट के भव्य लेजर शो से होगा समापन, प्रवेश रहेगा निःशुल्क

‘काशी-कथा’ कार्यक्रम के अंतिम चरण में लगभग आठ मिनट का भव्य लेजर शो आयोजित होगा। यह पूरी प्रस्तुति को और आकर्षक बनाएगा। देव दीपावली पर होने वाला 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो पर्यटकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसका प्रदर्शन निर्धारित समय के अनुसार रात 7:20 बजे से तीन बार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक काशी की आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक तकनीक के इस अनूठे संगम का आनंद ले सकें।

BK Pathak
BK Pathak

21912 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story