देव दीपावली पर गंगा में उतरेगा रोशनी का कारवां, रंग-बिरंगी झालरों से सजेंगी नावों और बजड़े से सैर करेंगे सैलानी 

WhatsApp Channel Join Now

नाविक समाज ने शुरू की विशेष तैयारी, 60 प्रतिशत काम पूरा, गंगा की लहरों से देख सकेंगे जगमगाते घाट, आरती, लेजर शो और हरित आतिशबाजी का भी मिलेगा नजारा

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी के गंगा घाटों की भव्यता के साथ गंगा की लहरों पर भी रोशनी का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए नाविक समाज ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। गंगा में चलने वाली नावों, बजड़ों और क्रूज को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया जा रहा है। नावों पर रंग-रोगन के साथ आधुनिक सजावटी उपकरण लगाए जा रहे हैं। शाम ढलते ही गंगा की लहरों के बीच रोशनी से सजी नावें पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेंगी।

देव दीपावली पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने की संभावना को देखते हुए नाविक समाज इस बार विशेष तैयारियों में जुटा है। नावों और बजड़ों को आकर्षक रूप देने के साथ पर्यटकों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। नाविकों के अनुसार, अब तक सजावट और रंग-रोगन का करीब 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष तैयारियां पर्व से पहले पूरी कर ली जाएंगी।

गंगा की लहरों से निहारेंगे घाटों की भव्यता
पर्यटकों की सुविधा के लिए नावों में बैठने और आराम से गंगा घाटों का नजारा देखने की व्यवस्था की जा रही है। नाविकों का प्रयास है कि गंगा की सैर करने वाले पर्यटक घाटों की आकर्षक सजावट, मंदिरों की रोशनी और दीपों से जगमगाते किनारों का नजारा आसानी से देख सकें। इसके लिए नावों की साज-सज्जा के साथ यात्रियों के बैठने की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा रहा है।

पर्यटन बढ़ने से नाविकों को मिल रहा रोजगार
नाविक समाज के लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वाराणसी में विकास कार्यों और पर्यटन सुविधाओं का लगातार विस्तार हुआ है। इससे काशी की पहचान देश के साथ विदेशों में भी मजबूत हुई है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सीधा लाभ स्थानीय नाविकों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को मिल रहा है। देव दीपावली जैसे बड़े आयोजनों से नाविक समाज की आजीविका को मजबूती मिलती है और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।

आरती और लेजर शो भी होंगे आकर्षण
देव दीपावली पर गंगा की सैर के दौरान पर्यटकों को घाटों की भव्य सजावट के साथ गंगा आरती और लेजर शो देखने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा हरित आतिशबाजी भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। नाविक समाज पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए उत्साहित है। गंगा के दोनों किनारों पर लाखों दीपों की रोशनी, घाटों की आकर्षक सजावट और आसमान में आतिशबाजी के बीच जगमगाती नावें काशी की सुंदरता में चार चांद लगाएंगी। नाविकों को उम्मीद है कि इस बार भी बड़ी संख्या में पर्यटक गंगा की सैर का आनंद लेंगे। इससे देव दीपावली की रौनक के साथ स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी नई गति मिलेगी।

BK Pathak
BK Pathak

21898 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story