बाढ़ के बीच नमो घाट से सारनाथ तक दौड़ी अफसरों की मोटरबोट, बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, राहत शिविरों में लोगों से पूछी समस्याएं
वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वाराणसी में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मंगलवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने नमो घाट से पुराना पुल (सारनाथ) तक मोटरबोट से भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर जलस्तर और परिस्थितियों का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव व्यवस्था की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जलस्तर पर 24 घंटे नजर, आपात स्थिति के लिए टीमें तैयार
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिया कि जलस्तर में होने वाले प्रत्येक परिवर्तन पर पैनी नजर रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में परिस्थितियों की लगातार निगरानी करते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षा, राहत और बचाव की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल पुलिस और एनडीआरएफ को पूरी तरह अलर्ट रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। संवेदनशील स्थानों पर जलस्तर और परिस्थितियों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि संभावित खतरे की स्थिति में बिना देरी कार्रवाई की जा सके।
राहत शिविरों में पहुंचकर जानी लोगों की दिक्कतें
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने सारनाथ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय, सलार तथा विद्या विहार इंटर कॉलेज, सलार स्थित राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की मौके पर समीक्षा की और वहां रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे बातचीत की।
उन्होंने लोगों से खानपान, रहने की व्यवस्था और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि राहत शिविरों में रह रहे परिवारों को आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी न हो।
नदी और जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील
पुलिस-प्रशासन ने आमजन से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे स्थानों से दूर रखने तथा अनावश्यक आवागमन से बचने को कहा गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन लिपि नागयाच सहित जल पुलिस, एनडीआरएफ और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

