अब व्हाट्सएप पर मिलेगा हाउस टैक्स बिल, नगर निगम शुरू करेगा एआई चैटबॉट सेवा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गृह कर, जल कर और सीवर कर की वसूली और सूचना तंत्र को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए नगर निगम जल्द ही एआई आधारित ‘चैटबॉट’ सेवा शुरू करने जा रहा है। इस नई व्यवस्था के तहत भवन स्वामियों को अब टैक्स बिल और नोटिस सीधे उनके व्हाट्सएप पर प्राप्त होंगे।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराना और टैक्स वसूली की प्रक्रिया को आसान बनाना है। वर्तमान में शहर के करीब 2.32 लाख भवन स्वामियों को मैन्युअल तरीके से बिल भेजे जाते हैं, जिससे कई बार समय पर नोटिस न मिलने की शिकायतें आती हैं। नई प्रणाली लागू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।

यह एआई चैटबॉट एक स्मार्ट डिजिटल असिस्टेंट की तरह कार्य करेगा, जो व्हाट्सएप या अन्य डिजिटल माध्यमों पर नागरिकों के सवालों के तुरंत जवाब देगा। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जिससे लोग कभी भी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे और टैक्स से संबंधित जानकारी हासिल कर सकेंगे।

नगर निगम का लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2026-27 से शत-प्रतिशत नोटिस डिजिटल माध्यम से भेजने का है। अधिकारियों का कहना है कि इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद भी अधिक प्रभावी होगा।

Share this story