अपार आईडी बनाने में लापरवाही पर आराजी लाइन के 42 स्कूलों को नोटिस, तीन दिन में सुधार नहीं हुआ तो मान्यता पर होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड में अपार (ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) आईडी बनाने की धीमी प्रगति पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। खराब प्रदर्शन करने वाले क्षेत्र के 42 मान्यता प्राप्त विद्यालयों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित विद्यालयों की मान्यता प्रत्याहरण (रद्द करने) की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अपने निर्देश में कहा है कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा अन्य विद्यालयों में प्रवेश के लिए पेन नंबर के साथ अब अपार आईडी भी आवश्यक है। इसके बावजूद आराजी लाइन विकासखंड के कई विद्यालयों में अपार आईडी बनाने का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की आईडी लंबित है।

नोटिस जारी किए गए प्रमुख विद्यालयों में शिवम पब्लिक स्कूल रूपापुर, शिवरामा पब्लिक स्कूल महगांव, एसजीएम पब्लिक स्कूल बीमौरी, जमुना शिक्षण संस्थान, महात्मा गांधी पब्लिक स्कूल जमीन बैरवन, श्रद्धा जूनियर हाई स्कूल, रामनारायण पब्लिक स्कूल खजूरी, जय सरस्वती शिक्षा निकेतन लहिया, सीबीएस पब्लिक स्कूल प्रतापपुर तथा आरडीए पब्लिक स्कूल सरवनपुर सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी आराजी लाइन शशिकांत श्रीवास्तव ने बताया कि इन विद्यालयों को पहले भी खराब प्रगति के कारण नोटिस जारी किया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि अगले तीन दिनों में शत-प्रतिशत अपार आईडी बनाने की दिशा में संतोषजनक प्रगति नहीं दिखाई गई तो संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव जनपद स्तर पर भेज दिया जाएगा।

Share this story