सिर्फ डाला छठ ही नहीं, सालभर होती है छठी मइया की आराधना, बीएचयू ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताई महत्ता

WhatsApp Channel Join Now

बच्चे के जन्म के छठे और 21वें दिन भी विशेष पूजन का विधान, संतान की रक्षा और कल्याण की देवी मानी जाती हैं षष्ठी देवी

वाराणसी। लोक आस्था का महापर्व डाला छठ भले ही साल में एक बार चार दिनों तक मनाया जाता है, लेकिन छठी मइया की आराधना किसी एक पर्व या तिथि तक सीमित नहीं है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वर्ष के सभी 12 महीनों में छठी मइया की पूजा-अर्चना का विधान है। इतना ही नहीं, नवजात शिशु के जन्म के छठे और 21वें दिन भी उनकी विशेष पूजा की जाती है। यह परंपरा संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की कामना से जुड़ी है। मातृरूपा षष्ठी देवी को बच्चों की रक्षा का दायित्व सौंपा गया है।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय के अनुसार, षष्ठी देवी यानी छठी मइया दयारूपा, मातृस्वरूपा और सदैव रक्षा करने वाली देवी हैं। उनकी आराधना का संबंध केवल छठ महापर्व से नहीं, बल्कि जन्म संस्कारों और वर्षभर चलने वाली धार्मिक परंपराओं से भी है। परिवार के लोग बच्चों की सुरक्षा, स्वस्थ जीवन और सुख-समृद्धि के लिए उनकी पूजा करते हैं।

जन्म के छठे दिन सूतिकागृह में होती है पूजा
प्रो. पांडेय बताते हैं कि हिंदू धार्मिक परंपराओं में नवजात शिशु के जन्म के छठे दिन छठी मइया की विशेष पूजा का विधान है। इसे छठी पूजन कहा जाता है। इस अवसर पर सूतिकागृह में देवी की आराधना कर नवजात के जीवन, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाती है। परिवार के सदस्य देवी से बच्चे को सुखमय जीवन और सुरक्षा प्रदान करने का आशीर्वाद मांगते हैं।

इसी तरह जन्म के 21वें दिन भी छठी मइया की पूजा की परंपरा है। इस दिन बालक के कल्याण और सुरक्षा के लिए विशेष पूजन किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि जन्म से लेकर जीवन के विभिन्न चरणों तक छठी देवी की कृपा बच्चों पर बनी रहती है।


प्रकृति के छठे अंश से प्रकट हुईं षष्ठी देवी
प्रो. विनय कुमार पांडेय के अनुसार, धार्मिक मान्यताओं में षष्ठी देवी को प्रकृति के छठे अंश से प्रकट हुई देवी माना गया है। उन्हें बालकों की रक्षा का दायित्व सौंपा गया है। देवी का स्वरूप मातृत्व, करुणा और संरक्षण का प्रतीक है। उनकी आराधना विशेष रूप से संतान की सुरक्षा, स्वस्थ जीवन और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए की जाती है।

मान्यताओं के अनुसार, छठी मइया जल, स्थल और अंतरिक्ष सहित विभिन्न लोकों में बच्चों की रक्षा करती हैं। यहां तक कि बालकों के स्वप्न में भी उनकी रक्षात्मक शक्ति का वर्णन मिलता है। यही वजह है कि लोक परंपराओं में उन्हें बाल संरक्षण और मातृत्व की देवी के रूप में विशेष स्थान प्राप्त है।

सूर्य उपासना के साथ भी जुड़ी है आराधना
डाला छठ के दौरान सूर्यदेव के साथ छठी मइया की पूजा का विशेष महत्व है। चार दिवसीय महापर्व में नहाय-खाय, खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाती है। हालांकि छठी मइया की आराधना का दायरा इससे कहीं व्यापक है। सालभर उनकी पूजा और नवजात शिशु के जन्म से जुड़े विशेष विधान भारतीय धार्मिक परंपराओं में संतान के प्रति मातृत्व, संरक्षण और कल्याण की भावना को दर्शाते हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21755 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story