मरीजों के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ओपीडी और ऑपरेशन थिएटर सुचारु चलाएं : ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का काम समयसीमा में पूरा करने के निर्देश
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों की निगरानी बढ़ाने पर जोर, अस्पतालों में दवाओं, बेड, स्ट्रेचर और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में वाराणसी मंडल की चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले किसी भी मरीज को आवश्यक चिकित्सा सुविधा से वंचित न होना पड़े। विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित करने के साथ ओपीडी और ऑपरेशन थिएटर का सुचारु संचालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने वाराणसी, जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पतालों की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
मेडिकल कॉलेज का निर्माण समय से पूरा करने के निर्देश
बैठक में वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय, पांडेयपुर तथा मानसिक चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमल कुमार से निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।
आरोग्य मंदिरों की सेवाएं जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
ब्रजेश पाठक ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि यहां तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और एएनएम के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाया जाए। केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में संचालित चिकित्सा सेवाओं, स्वास्थ्य कार्यक्रमों और विभागीय प्रगति की जानकारी दी। बैठक में चारों जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला एवं मंडलीय चिकित्सालयों के प्रमुख अधिकारी, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य और अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, वाराणसी मंडल डॉ. दिग्विजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

