त्योहारों पर हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं, छठ घाटों पर सीसीटीवी और गोताखोरों से होगी निगरानी

WhatsApp Channel Join Now

एडीजी नवीन अरोरा ने क्राइम मीटिंग में दिए निर्देश, बोले- सड़क हादसों में कमी के लिए हॉटस्पॉट करें चिह्नित

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अभी से अपराधियों पर शिकंजा कसने के दिए निर्देश 

वाराणसी। आगामी त्योहारों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने शनिवार को जोन कार्यालय में मासिक क्राइम समीक्षा बैठक की। इसमें सड़क दुर्घटनाओं में मौतों पर अंकुश लगाने, गुमशुदा बच्चों की बरामदगी, अपराधियों के सत्यापन, यातायात व्यवस्था और आगामी त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, छठ पर्व पर घाटों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

हॉटस्पॉट चिह्नित कर रोकें सड़क हादसे
एडीजी ने जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट के लक्ष्य के तहत सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट चिह्नित कर कार्ययोजना के तहत कार्रवाई करने और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कोशिशों से यदि किसी की जान बचती है और दुर्घटनाओं में कमी आती है तो यह बड़ी सफलता होगी। पैदल गश्त को महज औपचारिकता न बनाकर प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।

गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलेगा ऑपरेशन तलाश
अपहृत और गुमशुदा बच्चों की तलाश एवं बरामदगी के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश चलाने को कहा गया। इसके तहत पुलिस टीमों को सक्रिय कर लंबित मामलों में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

123

छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, डाला छठ और देव दीपावली को देखते हुए भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च और सतर्क निगरानी के निर्देश दिए गए। छठ पर्व पर पोखरों और नदियों के घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली, बैरिकेडिंग, घाटों के आसपास यातायात डायवर्जन और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए संबंधित प्रशासनिक विभागों से समन्वय स्थापित कर पहले से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

चुनाव से पहले अपराधियों पर कसें शिकंजा
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एडीजी ने अभी से तैयारियां शुरू करने और क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों का चिन्हीकरण करने को कहा। हल्का उपनिरीक्षकों और बीट आरक्षियों को अपने क्षेत्र के अपराधियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ एनएसए, गैंगस्टर, गुंडा, गोवध, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।

यक्ष और त्रिनेत्र ऐप से अपराधियों की निगरानी
बैठक में यक्ष ऐप के माध्यम से सत्यापन के बाद दोबारा अपराध करने वाले अपराधियों की समीक्षा और बीट सूचना की गुणवत्ता पर भी चर्चा हुई। वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए यक्ष और त्रिनेत्र ऐप का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया। लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए नियमित अर्दली रूम आयोजित करने और फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, डीआईजी मीरजापुर परिक्षेत्र पूनम, डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह समेत जौनपुर और आजमगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, बलिया और मऊ के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

BK Pathak
BK Pathak

21646 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story