कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से न छूटे, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में लगेंगे विशेष शिविर, निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने वाराणसी में की समीक्षा
महिला और युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर, एक बूथ पर नहीं होंगे 1200 से अधिक मतदाता
वाराणसी। मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के साथ यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में विशेष शिविर लगाकर युवाओं से फार्म-6 भरवाए जाएं। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए स्वयं सहायता समूहों का भी सहयोग लिया जाए। ये निर्देश शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने दिए। वह कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।

निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में किसी तरह की त्रुटि नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए बीएलओ सहित निर्वाचन कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ काम करना होगा। उन्होंने युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में अभियान चलाने के साथ सिनेमा हॉलों में विज्ञापन के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्वाचन संबंधी गतिविधियों, जनपद की सामान्य जानकारी तथा विधानसभा क्षेत्रवार ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी। जेंडर रेशियो की समीक्षा के दौरान महिला मतदाताओं का अनुपात बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का प्रतिशत कम है, वहां अभियान चलाकर पात्र महिलाओं से फार्म-6 भरवाया जाए। इस कार्य में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लिया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें।

उन्होंने फार्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में संशोधन संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि किसी भी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक न हो। मतदान केंद्रों पर मतदान कार्मिकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा संवेदनशील बूथों को चिह्नित कर कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने पर भी जोर दिया।
निर्वाचन आयुक्त ने मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कार्मिकों को जितना बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा, निर्वाचन प्रक्रिया उतनी ही सरलता और सहजता से संपन्न होगी। बैठक के दौरान उन्होंने नए मतदाताओं द्वारा भरे गए फार्मों का अवलोकन किया और युवा एवं नए मतदाताओं से बातचीत भी की।

इससे पहले निर्वाचन आयुक्त ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, राजकीय क्वींस कॉलेज और मॉडल प्राइमरी स्कूल, कैंटोनमेंट स्थित बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रही गतिविधियों को बारीकी से देखा और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। बैठक के अंत में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने निर्वाचन आयुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार और सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

