वाराणसी में कल होगी नितिन नबीन की पहली जनसभा, सीएम योगी, हिमंता बिश्वा सरमा समेत दिग्गज जुटेंगे, तैयारी में जुटी बीजेपी
वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन के दो दिवसीय वाराणसी दौरे को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सात अक्टूबर को वाराणसी पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहनिया क्षेत्र के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर निकाली गई सेवा संकल्प बाइक यात्रा का समापन भी इसी कार्यक्रम के साथ होगा। जनसभा में यात्रा में शामिल बाइक सवार कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया जाएगा।
पार्टी के मुताबिक जनसभा में 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहेंगे। बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
तैयारियों में जुटे पदाधिकारी
जनसभा की तैयारियों को लेकर राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मंगलवार को जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, लोगों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश और अन्य तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद राज्य मंत्री ने सहयोगियों के साथ आसपास के गांवों, चौराहों और बाजारों में जनसंपर्क किया। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रण पत्र वितरित किए और अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में पहुंचने की अपील की।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा के समापन कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। यात्रा में शामिल बाइकर्स के अभिनंदन के साथ जनसभा आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
आठ अक्टूबर को संगठनात्मक बैठक
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आठ अक्टूबर को वाराणसी में संगठनात्मक बैठक में भी शामिल होंगे। बैठक में काशी क्षेत्र के पदाधिकारी और संगठन के प्रमुख कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। आगामी चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, कार्ययोजना और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

पार्टी की ओर से जनसभा को लेकर भीड़ प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से समय से कार्यक्रम स्थल पहुंचने की अपील की है।

