पटना से वाराणसी ट्रेन में पत्तल पर खाना खाते दिखे निशांत कुमार, तस्वीर वायरल
वाराणसी। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की एक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में वे ट्रेन के अंदर साधारण पत्तल पर रोटी-सब्जी खाते नजर आ रहे हैं। कोई वीआईपी अंदाज नहीं, कोई खास व्यवस्था नहीं-बिल्कुल आम यात्री की तरह।
निशांत कुमार कल शनिवार को पटना जंक्शन से ट्रेन पकड़कर वाराणसी पहुंचे थे। रवाना होने से पहले उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया था। उनके साथ जदयू प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार भी मौजूद रहे। सफर के दौरान ही यह तस्वीर खींची गई, जो अब चर्चा का विषय बन गई है।

वाराणसी में जदयू का कार्यकर्ता सम्मेलन
निशांत कुमार वाराणसी में जदयू के प्रदेशस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के करौता रामलीला बाजार मैदान में आयोजित हुआ। पार्टी यूपी में अपना संगठन मजबूत करना चाहती है और 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह तैयारी की जा रही है। वाराणसी पहुंचते ही उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन भी किए।
सादगी की चर्चा
सोशल मीडिया पर लोग इस तस्वीर को नीतीश कुमार की जीवनशैली से जोड़कर देख रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि बड़े नेता का बेटा होने के बावजूद निशांत कुमार का यह अंदाज अलग दिख रहा है। हालांकि कुछ इसे सिर्फ तस्वीर की राजनीति भी बता रहे हैं। बहरहाल, पटना से वाराणसी के इस ट्रेन सफर की तस्वीर निशांत कुमार को एक बार फिर चर्चा में ले आई है।

