निषाद पार्टी ने राजनैतिक एकता विशाल महारैली से दिखाई ताकत, वंचितों और पिछड़ों को मुख्य धारा में लाने पर दिया जोर
वाराणसी। निषाद पार्टी ने शुक्रवार को राजनैतिक एकता विशाल महारैली निकालकर अपनी ताकत दिखाई। इसके जरिये राजनैतिक एकजुटता का संदेश दिया। साथ ही वंचितों और पिछड़ों को मुख्य धारा में लाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद ने किया। इस दौरान पार्टी ने अपने संगठनात्मक विस्तार और सामाजिक सरोकारों को मजबूती से सामने रखा।

डॉ संजय निषाद ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने विशेष रूप से वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गरीब और झोपड़ी में रहने वाले परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ लोग गरीबों के नाम पर सरकारी योजनाओं का गलत लाभ उठा रहे हैं, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों तक योजनाओं का पूरा फायदा नहीं पहुंच पा रहा। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्ती बरतने की आवश्यकता बताई। महिलाओं के अधिकार और सम्मान के मुद्दे पर बोलते हुए डॉ निषाद ने कहा कि देश के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। साथ ही उन्होंने परिसीमन के प्रावधान को लागू करने की वकालत की, जिससे सभी वर्गों को संतुलित प्रतिनिधित्व मिल सके।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने राज्य में सत्ता परिवर्तन की बात कही। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि “जिसके पास दल नहीं, उसकी समस्या का समाधान नहीं हो सकता।” इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव जनक नंदिनी निषाद ने भी पार्टी की नीतियों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने पार्टी की सक्रियता का संकेत दिया।

