नवागत सीईओ ने श्री काशी विश्वनाथ धाम का किया निरीक्षण, श्रद्धालु सुविधाओं का लिया जायजा, स्वच्छता और सुरक्षा के बाबत दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं।

123

दर्शन और कतार प्रबंधन की समीक्षा
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संपूर्ण धाम क्षेत्र का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिग-जैग दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से वर्तमान और नवीन व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना आवश्यक है।

123

पेयजल और स्वच्छता पर दिया जोर
सत्यम मिश्र ने धाम परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वृद्ध एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए संचालित मुमुक्षु भवन का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि धाम परिसर में स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था निरंतर सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर विशेष ध्यान देने के साथ कतार प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने को कहा।

123

नियमित निगरानी और सुधार के निर्देश
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रवेश और निकास मार्गों पर व्यवस्थाएं सुचारु रहें। दर्शन के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि धाम में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की जरूरतों के अनुरूप व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण और आवश्यक सुधार किया जाएगा। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण, उप जिलाधिकारी पवन प्रकाश पाठक सहित मंदिर न्यास एवं परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this story