एक घंटे में 2.50 लाख पौधे रोपकर बनाया नया विश्व रिकॉर्ड, जनसहभागिता से सफल हुआ अभियान
वाराणसी। नगर निगम की ओर से रविवार को रामनगर के डोमरी में एक घंटे में 2.50 लाख पौधे रोपवाकर नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया गया। इस अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता सबसे बड़ी ताकत बनी। स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, सेना, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही काशीवासियों ने सहभागिता की। सुसुवाही के पार्षद गुड्डू पटेल ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी की।

पार्षद ने इसे काशी के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि लोगों की कतारबद्ध सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया कि पर्यावरण संरक्षण जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण स्वच्छ रहता है और अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।

वाराणसी नगर निगम द्वारा मां गंगा के तट स्थित 250 एकड़ भूमि पर आयोजित इस वृहद अभियान में मात्र एक घंटे के भीतर रिकॉर्ड पौधारोपण किया गया। 15 हजार से अधिक काशीवासियों ने एकजुट होकर सुनियोजित ढंग से पौधे लगाए। यह पहल काशी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन “एक पेड़ मां के नाम” से प्रेरित रही, जिसका उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के नाम एक पौधा लगाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इससे पूर्व चीन में एक घंटे में 1.53 लाख पौधे लगाने का रिकॉर्ड था, जिसे काशी ने उल्लेखनीय अंतर से पीछे छोड़ दिया। कार्यक्रम के उपरांत विश्व रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र मेयर को सौंपा गया, जिससे उपस्थित जनसमूह में उत्साह की लहर दौड़ गई।
जनसहभागिता रही अभियान की आत्मा
इस महाअभियान की सबसे बड़ी विशेषता व्यापक जनसहभागिता रही। मेयर अशोक तिवारी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति अजीत चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, शिक्षक-छात्र, नगर निगम कर्मचारी, पीएसी बल और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की। सभी ने अनुशासन और समन्वय के साथ निर्धारित समय में लक्ष्य प्राप्त कर सामूहिक शक्ति का परिचय दिया।

