कज्जाकपुरा और सोनकर बस्ती में बिछेगी नई सीवर लाइन, 1.78 करोड़ की परियोजना से 50 हजार लोगों को जलभराव की समस्या से मिलेगी निजात 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर के जलभराव और सीवर की समस्या से जूझ रहे कज्जाकपुरा एवं लॉट भैरव स्थित सोनकर बस्ती के लोगों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। नगर निगम ने इन क्षेत्रों में नई सीवर लाइन बिछाने की 1.78 करोड़ रुपये की परियोजना का शुभारंभ किया। रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने आदमपुर जोन के राजघाट वार्ड संख्या-15 तथा हनुमान फाटक वार्ड संख्या-67 के अंतर्गत होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।

नगर निगम के अनुसार परियोजना की कुल लागत 1 करोड़ 78 लाख 98 हजार रुपये है। इसके तहत करीब 80 मीटर लंबी मुख्य सीवर लाइन आधुनिक ट्रैन्चलेस तकनीक से बिछाई जाएगी। इस तकनीक की विशेषता यह है कि सड़क को बड़े पैमाने पर खोदे बिना पाइप लाइन डाली जाती है, जिससे यातायात और आम जनजीवन पर न्यूनतम प्रभाव पड़ता है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के लगभग 50 हजार से अधिक लोगों को वर्षों से चली आ रही जलभराव, गंदे पानी की निकासी और स्वच्छता संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

123

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से वाराणसी में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा तथा क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के मार्गदर्शन में उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहा है।

महापौर ने निर्माण एजेंसी और तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित कर नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, पार्षद रोहित जायसवाल, पार्षद रीना सोनकर, पूर्व पार्षद विजय सोनकर, पार्षद संजय विशम्भरी, लकी भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर नाथ गुप्ता 'बंटी', बबलू सेठ, मंडल महामंत्री शुभम चौरसिया, नामित पार्षद सुधीर त्रिपाठी 'मुन्ना', संतोष सोलापुरकर, मनोज यादव, जनक नलिन नयन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story