बीएचयू अस्पताल में नए मेडिकल सुपरिटेंडेंट की नियुक्ति, आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग पूरी, 14 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलावा
वाराणसी। बीएचयू के सरसुंदरलाल अस्पताल में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (एमएस) के बहुप्रतीक्षित पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग पूरी कर ली है और साक्षात्कार के लिए 14 उम्मीदवारों का चयन किया है। वहीं, जांच के दौरान तीन आवेदकों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। यदि प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी हुई तो अगले महीने नए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के नाम की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
8 जुलाई को होगा साक्षात्कार
बीएचयू प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार 8 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे विश्वविद्यालय के होलकर भवन में चयन समिति के समक्ष उम्मीदवारों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। इसके बाद समिति अपनी संस्तुति विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपेगी, जिसके आधार पर अंतिम नियुक्ति की जाएगी।
जनवरी में निकला था विज्ञापन
एमएस पद के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 7 जनवरी 2026 को विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 मई 2026 निर्धारित की गई थी। निर्धारित समय तक प्राप्त सभी आवेदनों की विस्तृत जांच और पात्रता का परीक्षण करने के बाद 14 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए योग्य पाया गया।
नाम नहीं, केवल आवेदन संख्या की गई सार्वजनिक
विश्वविद्यालय प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से साक्षात्कार के लिए जारी सूची में उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। सूची में केवल आवेदन (फॉर्म) संख्या प्रकाशित की गई है। इस फैसले को लेकर विश्वविद्यालय परिसर और चिकित्सा जगत में विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
आईएमएस के वरिष्ठ प्रोफेसरों की दावेदारी मजबूत
सूत्रों के अनुसार साक्षात्कार के लिए चयनित 14 उम्मीदवारों में करीब पांच वरिष्ठ प्रोफेसर ऐसे हैं जो वर्तमान में इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आईएमएस), बीएचयू में कार्यरत हैं। इनमें से कुछ चिकित्सक पहले विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रशासनिक पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में एमएस पद के लिए प्रतिस्पर्धा काफी रोचक मानी जा रही है।
अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए अहम पद
मेडिकल सुपरिंटेंडेंट का पद बीएचयू अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण पदों में से एक माना जाता है। अस्पताल के संचालन, मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, चिकित्सा व्यवस्था, संसाधनों के प्रबंधन तथा विभिन्न प्रशासनिक निर्णयों की जिम्मेदारी इसी पद के अधीन होती है। ऐसे में नए एमएस की नियुक्ति को लेकर अस्पताल के चिकित्सकों, कर्मचारियों और मरीजों के बीच भी उत्सुकता बनी हुई है।
अगले महीने हो सकती है घोषणा
साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन समिति की संस्तुति पर विश्वविद्यालय प्रशासन अंतिम निर्णय लेगा। संभावना है कि अगले महीने नए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी, जिससे बीएचयू अस्पताल को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल सकेगा।

