नए सदन भवन और विकास परियोजनाओं से बदलेगी काशी की सूरत, पीएम ने नगर निगम की 196 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिवसीय काशी दौरे के दौरान शहर को विकास की नई दिशा देने वाली 196.50 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में 182.23 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास तथा 14.27 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

प्रधानमंत्री ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) से वर्चुअल माध्यम के जरिए बहुप्रतीक्षित नगर निगम सदन भवन की आधारशिला रखी। लगभग 96.99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक भवन निगम के प्रशासनिक कार्यों और जनसुनवाई को अधिक व्यवस्थित और सुलभ बनाएगा।

शहर के पौराणिक कुंडों और तालाबों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। नगर निगम क्षेत्र के पांच कुंडों और आठ तालाबों के जलशोधन एवं कायाकल्प के लिए 21.33 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आठ अन्य कुंडों और तालाबों के जीर्णोद्धार पर 2.72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शहर के सौंदर्यीकरण के तहत भोजूबीर क्षेत्र में कांजी हाउस स्थल पर 3.98 करोड़ रुपये की लागत से एक वाणिज्यिक परिसर का निर्माण भी प्रस्तावित है।

स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लीगेसी वेस्ट निस्तारण हेतु 53.15 करोड़ रुपये तथा छह नए ट्रांसफर स्टेशनों के निर्माण के लिए 22.27 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं। साथ ही नव-विस्तारित 25 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए 150 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।

इसके अलावा पिसौर क्षेत्र में 4.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कल्याण मंडप का लोकार्पण भी किया गया, जो स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी सुविधा साबित होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन को देखने के लिए नगर निगम मुख्यालय में विशेष व्यवस्था की गई, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़े पर्दे पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इन परियोजनाओं से काशी के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और शहरी सुविधाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this story