आदि विशेश्वर वार्ड में 2.58 करोड़ से बिछाई जाएगी नई पेयजल पाइपलाइन, 784 घरों को मिलेगी राहत, मेयर ने किया शिलान्यास
वाराणसी। पेयजल संकट से जूझ रहे पुराने बस्ती क्षेत्रों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम द्वारा जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आदि विशेश्वर वार्ड (वार्ड संख्या 69) में नई पाइपलाइन बिछाने की परियोजना शुरू की गई है। सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इस योजना का विधिवत शिलान्यास किया।
करीब 2.58 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के अंतर्गत कुल 3345 मीटर लंबी नई पाइपलाइन डाली जाएगी। योजना पूरी होने के बाद लगभग 784 घरों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। इसके साथ ही जल आपूर्ति का दबाव सुधरेगा और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

महापौर ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों के कारण कम दबाव और गंदे पानी की समस्या बनी हुई थी। कई स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज के कारण जल आपूर्ति बाधित होती थी, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। नई पाइपलाइन बिछने के बाद इन समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। इस अवसर पर नगर निगम के कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान उपसभापति नरसिंह दास, पूर्व उपसभापति सुरेश चौरसिया, पार्षद इंद्रेश सिंह, संजय विश्वंभरी, श्रवण गुप्ता, संजय केसरी, मनीष गुप्ता, अमरेश गुप्ता, अनंत गुप्ता और अंकुर मेहरोत्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लिया।

