आईटीआई में शुरू होंगे एआई आधारित नए कोर्स, इसी सत्र से होगी पढ़ाई
वाराणसी। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच अब औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। आगामी शैक्षणिक सत्र से इन कोर्सों की पढ़ाई शुरू होगी, जिससे छात्रों को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सकेगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत आईटीआई में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए छात्रों का रुझान मैकेनिक ऑटो इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रिक व्हीकल से संबंधित ट्रेडों की ओर तेजी से बढ़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए एआई आधारित पाठ्यक्रमों को भी शामिल किया जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग और उत्पादन तेजी से बढ़ेगा। वाहन निर्माता कंपनियां भी पारंपरिक ईंधन आधारित वाहनों के स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण पर अधिक ध्यान दे रही हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक व्हीकल और एआई से जुड़े कोर्स युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।
आईटीआई के संयुक्त निदेशक केएम सिंह ने बताया कि तकनीकी और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। इसके लिए प्रदेश के आईटीआई संस्थानों में आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) ने नई तकनीक और आधुनिक उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 29 नए कोर्स विकसित किए हैं। इन कोर्सों के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सुरक्षा और ऑटोमेशन जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

