नगर आयुक्त के निरीक्षण में मिली लापरवाही, जोनल अधिकारी समेत चार का वेतन रोका 

नले
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने गुरुवार को सारनाथ जोन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों में लापरवाही और अनुपस्थिति पर जोनल अधिकारी, कर अधीक्षक सहित दो अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कार्यालय की कार्यप्रणाली की गहन जांच की और कई निर्देश जारी किए। उन्होंने पटल सहायकों से कार्यों की जानकारी ली और पुराने रिकॉर्ड के लिए अस्थायी रिकॉर्ड रूम बनाने हेतु आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

जन्म-मृत्यु कार्यालय के निरीक्षण में लिपिक संदीप सिंह और जमादार विनोद कुमार अनुपस्थित पाए गए। संदीप सिंह पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में विलंब और कार्यों के प्रति लापरवाही की शिकायतें मिलीं। इसके चलते उन्हें स्पष्टीकरण के साथ अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने और कार्यों में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया गया। साथ ही, चेतावनी दी गई कि सुधार न होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विनोद कुमार को भी लापरवाही और अनुपस्थिति के कारण प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ वेतन रोकने का आदेश दिया गया।

इसके अतिरिक्त, जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी और कर अधीक्षक विनय सागर पर कार्यालय के पटल कार्यों का उचित पर्यवेक्षण न करने और असंतोषजनक जवाब देने के लिए स्पष्टीकरण मांगा गया। दोनों का वेतन भी अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करना होगा। यह निरीक्षण नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share this story