NEET-UG Re-Exam : नकल की साजिश नाकाम, मोबाइल के साथ अभ्यर्थी गिरफ्तार
वाराणसी। नीट-यूजी 2026 परीक्षा के दौरान वाराणसी में नकल की एक कोशिश को समय रहते विफल कर दिया गया। मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के दौरान की गई सघन जांच में एक अभ्यर्थी के पास से मोबाइल फोन, पुराना प्रश्नपत्र और ग्लू बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं आरोपी किसी संगठित नकल गिरोह से तो नहीं जुड़ा है।
रविवार को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच और तलाशी की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान बलिया निवासी प्रिंस दुबे की गतिविधियां ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों को संदिग्ध लगीं। गहन तलाशी लेने पर उसके अंडरवियर में छिपाकर रखा गया एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से एक पुराना प्रश्नपत्र और ग्लू भी मिला, जिससे परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल की आशंका जताई गई।
मामले की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में प्रिंस दुबे ने बताया कि वह मूल रूप से बलिया का निवासी है और वर्तमान में मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है। परीक्षा देने के लिए वह वाराणसी आया था।
कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामग्री को जांच के लिए भेजा जा रहा है। मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और डिजिटल गतिविधियों की भी पड़ताल की जाएगी। प्रारंभिक जांच में बरामद प्रश्नपत्र पुराना पाया गया है, फिर भी पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने में सफलता मिली और किसी संभावित अनियमितता को समय रहते रोक दिया गया।

